प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर तंज कसा कि बंदर के सिर पर टोपी पहना दो तो वह नाचने लगता है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को अनुभवहीन करार दिया। साथ ही सरकार के तीन साल के कार्यकाल को भी निराशाजनक बताया।
बृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत में हरक ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को निशाना साधा, उम्र और अनुभव से उन्हें ज्यादा मिल गया है, इसलिए ऐसी स्थिति है। यह ऐसी स्थिति है, जैसे अगर बंदर के सिर पर टोपी पहना दो तो वो नाचने लग जाता है। उन्होंने कहा, साल 1992 में जब वो उत्तर प्रदेश में मंत्री बने थे, तब उनकी उम्र 27 साल थी। उस दौरान मंत्री रहते हुए उनके सामने सचिव स्तर के अधिकारी उन्हें सर-सर कहने लगे, तब थोड़े दिनों के लिए उनका भी दिमाग खराब हो गया था। लेकिन छह दिसंबर को अचानक सरकार चली गई और सरकारी ड्राइवर हमें कल्याण सिंह की कोठी पर छोड़कर चला गया। तब टैक्सी से घर गए तो अपनी औकात पता चली।