तपोवन क्षेत्र के डेक्कन वैली सोसायटी में गोली मारकर युवक की हत्या संबंधी मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में मृतक के पिता ने थाना मुनि की रेती में शिकायत दर्ज कराई है।
बीते बुधवार रात करीब पौने ग्यारह बजे तपोवन स्थित डेक्कन वैली वेली सोसायटी के ब्लाॅक चार में एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान नितिन देव (40) निवासी पार्क व्यू अपार्टमेंट सेक्टर 61 गौतम बुद्ध नगर के रूप में हुई थी। नितिन यहां करीब 12-13 सालों से रह रहा था और एम्स रोड पर रिजाॅर्ट संचालित करता था।
इसके अलावा नितिन के डेक्कन वैली में चार फ्लैट भी बताए जा रहे हैं। पुलिस को घटना स्थल से दो जिंदा कारतूस व चार खोखे बरामद किए थे। इसके अलावा शव के समीप एक हथौड़े भी पड़ी हुई थी। जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले हथौड़े से वार किया।
जब नितिन देव ने भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने करीब से चार राउंड फायर झोंक दिए। जिससे नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया किसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने को लेकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक नितिन देव सूचना अधिकार के तहत सूचनाएं मांगने में भी काफी सक्रिय रहता था। पुलिस ने मृतक नितिन देव के पिता देवराज की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।