तीरंदाजी - फोटो
Share Post

राष्ट्रीय खेलों में रिकर्व तीरंदाजी का शानदार समापन हुआ, पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में पश्चिम बंगाल के जुएल सरकार और महिला वर्ग में झारखंड की दीपिका कुमारी ने गोल्ड पर निशाना साधा।

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में सर्विसेज के इंद्र चंद इंद्र ने कड़े मुकाबले में रजत पदक जीता। वहीं, सिक्किम के अनुभवी तीरंदाज तरुणदीप राय ने अपनी योग्यता का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीता। महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में झारखंड की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने अपने जबरदस्त प्रदर्शन से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बिहार की अंशिका कुमारी ने भी सराहनीय खेल दिखाया, लेकिन उन्हें रजत पदक पाकर संतोष करना पड़ा। झारखंड की ही एक और प्रतिभाशाली तीरंदाज कोमलिका बारी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में कांस्य पदक हासिल किया।

यूपी के चार खिलाड़ियों को रजत
रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में महाराष्ट्र की जोड़ी शुकमणि गजानन बबरेकर और गाथा आनंदराव खडके ने स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा की जोड़ी पारस हूडा और भजन कौर ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन उन्हें रजत पदक मिला। झारखंड की गोल्डी मिश्रा और दीपिका कुमारी की जोड़ी ने 5.1 के स्कोर से कांस्य पदक जीता। रिकर्व पुरुष टीम स्पर्धा में झारखंड के गोल्डी मिश्रा, श्रेय भारद्वाज, विष्णु चौधरी और गुरुचरण बेसरा ने स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के नीरज चौहान, अमन सिंह यादव, रोहित कुमार और मृणाल चौहान ने रजत पदक हासिल किया। सर्विसेज के बोम्मदेवरा धीरज, राहुल, इंद्र चंद इंद्र और सुखचैन सिंह की टीम ने रोमांचक मुकाबले में कांस्य पदक जीता।

हरियाणा को कांस्य
रिकर्व महिला टीम स्पर्धा में महाराष्ट्र की महिला टीम की गाथा आनंदराव खडके, वैष्णवी बब्बाराव पवार, शर्वरी सोमनाथ शिंदे और मुक्ता दीपक मोडगी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। झारखंड की टीम की दीपिका कुमारी, कोमलिका बारी, अंकिता भगत और तमन्ना वर्मा ने रजत पदक जीता। वहीं, हरियाणा की टीम से भजन कौर, कीर्ति, अवनि और भावना ने शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक जीता।

By admin