रामनगर।रामनगर शहर में शनिवार को मोहल्ला भवानीगंज क्षेत्र में बड़ी नहर के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी,सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है।उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी, पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक अक्सर इसी स्थान के आसपास नशे की हालत में पड़ा रहता था।लोगों के अनुसार वह लंबे समय से अत्यधिक शराब का सेवन करता था, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई हो सकती है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है।शव की शिनाख्त होने पर पोस्टमार्टम करवा जायेगा। उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती है। शराब की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करती है, बल्कि कई बार उसकी जान तक ले लेती है, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर भी गहरा असर डाल रही है। हालांकि इस मामले में मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन यह घटना नशे के दुष्परिणामों की एक और दुखद तस्वीर सामने लाती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।
