Spread the love

संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक श्रीदेव सुमन को जिलेभर ने किया नमन

जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक में पौधरोपण कर अमर शहीद श्रीदेव सुमन को किया नमन

उत्तरकाशी। सुमन दिवस के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी में अमर शहीद एवं टिहरी जनक्रांति के जननायक श्रीदेव सुमन को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला मुख्यालय सहित तहसील, ब्लॉक, विकास भवन और अन्य सरकारी कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।

प्रातःकाल कीर्ति इंटर कॉलेज से हनुमान चौक होते हुए विश्वनाथ चौक तक छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। हनुमान चौक में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, श्रीदेव सुमन साहित्य कला स्मृति मंच के अध्यक्ष नागेंद्र दत्त थपलियाल, सचिव शैलेंद्र नौटियाल, प्रताप सिंह बिष्ट, रविंद्र नौटियाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का संघर्षमय जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके व्यक्तित्व और आदर्शों से सीख लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सुमन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक पहुंचकर शोभाकार पौधों का रोपण भी किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मातुड़ा, पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल, नागेंद्र थपलियाल, प्रताप बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अमर शहीद श्रीदेव सुमन के योगदान और टिहरी जनक्रांति के इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध, चित्रकला, भाषण और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ विकास भवन, तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का त्याग, संघर्ष और समाज तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने टिहरी रियासत की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के लिए संघर्ष करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन सत्य, न्याय, स्वाभिमान और जनसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

By admin