Spread the love

शहीदों की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प, बडोनी और श्रीदेव सुमन को किया नमन

उत्तराखंड के हक-हकूक की लड़ाई को धार देने का यूकेडी का ऐलान

उत्तरकाशी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शनिवार को जनपद मुख्यालय में अपना 48वां स्थापना दिवस उत्साह और संकल्प के साथ मनाया। इस अवसर पर जिला कार्यालय में राज्य आंदोलन के प्रणेता इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा विचार गोष्ठी आयोजित कर राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों और क्षेत्रीय विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। बाद में कार्यकर्ताओं ने हनुमान चौक स्थित श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बिहारी लाल जगूड़ी ने की। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में उत्तराखंड क्रांति दल को शहीदों की परिकल्पना और राज्य आंदोलन के मूल आदर्शों के अनुरूप मजबूत किया जाएगा तथा जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

केंद्रीय महामंत्री किरन रावत ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी आंदोलनकारियों और शहीदों की कल्पना का उत्तराखंड पूरी तरह साकार नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मूल निवासियों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है तथा जल, जंगल और जमीन पर लगातार संकट बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देवभूमि उत्तराखंड की मूल अवधारणा और राज्य आंदोलन के उद्देश्यों को साकार करने के लिए एकजुट होकर जनआंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।

विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उत्तराखंड क्रांति दल की स्थापना के उद्देश्यों, क्षेत्रीय अस्मिता और राज्यहित के मुद्दों पर विस्तार से अपने विचार रखे तथा संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अनुशासन समिति के केंद्रीय अध्यक्ष राकेश सेमवाल, जिला कोषाध्यक्ष जगत रमोला, मीडिया प्रभारी पंकज उनियाल, श्याम चौहान, सुरजीत राणा, रोहित रावत, अभिषेक जगूड़ी, सतवीर रमोला, मोहित मथुरा, उपेंद्र राणा, कार्यालय प्रभारी लक्ष्मण सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin