उत्तरकाशी। गंगोत्री फिजिकल एकेडमी के 40 युवा रुड़की में आयोजित सेना भर्ती में चयनित हुए हैं। इससे पूर्व भी एकेडमी से 85 युवा भर्ती में सफलता हासिल कर चुके हैं।
रविवार को एकेडमी के संस्थापक गढ़वाल राइफल से नायक (सेनि.) चंद्रमोहन सिंह पंवार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सेना में भर्ती होने के इच्छुक दूरदराज और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए उन्होंने 2020 में निशुल्क भर्ती पूर्व प्रशिक्षण की शुरूआत की थी। वर्ष 2020 में उनके प्रशिक्षित 150 में से 65 युवा सेना में भर्ती हुए। इसके बाद अग्निवीर भर्ती में भी दो-अलग बैचों में 5 व 15 युवा सफल रहे। उनकी मांग पर ऊर्जा निगम ने उन्हें वर्ष 2022 में तिलोथ क्षेत्र में युवाओं के लिए भवन उपलब्ध कराया, जिसके बाद से वे यहां गंगोत्री फिजिकल एकेडमी का संचालन कर रहे हैं।
युवाओं के रहने व खाने की निशुल्क व्यवस्था रहती है। बताया कि वर्तमान में रुड़की में हुई अग्निवीर भर्ती में उनकी एकेडमी से भाग लेने वाले 65 युवाओं में से 40 चयनित हुए हैं, जिसमें उत्तरकाशी के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही पौड़ी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग आदि के युवा भी शामिल हैं। युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ ऑनलाइन लिखित परीक्षा की तैयारी करवाई जाती है। एकेडमी के संचालन में सैन्य अधिकारी सहित पूर्व सैनिक मदद करते हैं। इस मौके पर सेनि. सूबेदार मेजर वीरेंद्र नेगी, सूबेदार राम सिंह राणा, शंभू सिंह पंवार, भीम सिंह चौहान आदि रहे।