Spread the love

देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र के नंदा की चौकी स्थित पुल एक बार फिर क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल के एक हिस्से में गहरा गड्ढा बनने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पुल की स्थिति को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस पुल की कुछ ही दिन पहले करोड़ों रुपये की लागत से मरम्मत कराई गई थी। इसके बावजूद पुल का हिस्सा धंस जाने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित मरम्मत और सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान यह पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद इसकी मरम्मत का कार्य कराया गया। लेकिन अब दोबारा पुल के धंसने से संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली और निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल दोबारा क्यों धंसा और इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन तय करेगा?

By admin