देहरादून- मंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2025 के नेशनल मेडलिस्ट बच्चों को आउट आॅफ टर्न जाॅब देने के लिए विभाग को आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी के साथ ही लेगेसी के तहत 23 एकेडमी जोकि अस्थायी तौर पर संचालित की जा रही हैं को स्थायी तौर पर संचालित करने हेतु पदों को सृजित करने की आवश्यकता के संबंध में भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 243 नेशनल मेडलिस्ट बच्चों को लेगेसी के तहत एकेडमी, खेल विश्वविद्यालय तथा अन्य विभागों में आउट आॅफ टर्न जाॅब के माध्यम से समायोजित करने हेतु भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही मंत्री ने कहा कि आउट आॅफ टर्न के माध्यम से अन्य विभागों में सेवा प्रदान करने वाले बच्चों को मूल विभाग में ही डेप्यूटेशन के तहत तैनाती किये जाने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।
मंत्री ने कहा कि 29 अगस्त 2026 राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गौलापार में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जायेगा इसके लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को तीव्र गति प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया है। मंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प उत्तराखण्ड को एक बेहतर खेल भूमि बनाना है।
मंत्री ने कहा कि आज की बैठक में खेल नीति पर भी विस्तृत चर्चा की गई है जिसमें पूर्व की खेल नीति की कमियों को दूर करके नई नीति को भारत सरकार की खेल नीति के अनुरूप तैयार करने के दिशा निर्देश दिये गये हैं इसमें पारंपरिक खेलों को स्थान देने के साथ ही पैरा एथिलिटस तथा बौना एथिलिट के लिए समूचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि खेल नीति पर खिलाड़ियों के साथ-साथ आमजन से सुझाव मांगे जायेंगे जिसमें बेहतर सुझाव को खेल नीति का हिस्सा बनाने के साथ ही संबंधित को सम्मानित किया जायेगा।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल, अमित सिन्हा, निदेशक खेल, दीप्ति सिंह, महाराणा प्रताप खेल परिसर के प्रिसिंपल राजेश ममर्गाइं संयुक्त निदेशक खेल, अजय अग्रवाल तथा अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
