Spread the love

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास शराब के ठेके के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है, जबकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। जानकारी के अनुसार, छह नंबर पुलिया स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

फायरिंग में नवीन राणा (39) और कविंद्र शर्मा (25) गोली लगने से घायल हो गए। नवीन राणा के कंधे में गोली लगी है। वह एक मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का कार्य करते हैं और उनका उपचार कैलाश अस्पताल में चल रहा है। वहीं कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उन्हें तत्काल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कई लोग शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठ गए और ठेका हटाने की मांग करने लगे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पहले भी इस ठेके का विरोध कर चुके हैं। उनका आरोप है कि ठेके के कारण आए दिन झगड़े, मारपीट और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होती रहती है। लोगों ने प्रशासन से ठेका तत्काल हटाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

By admin