Spread the love

देहरादून -स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर नर्सिंग अधिकारी से 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी चारू चंद्र जोशी को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पिथौरागढ़ नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया।

सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि 17 अगस्त को एक निजी अस्पताल में नर्सिंग अधिकारी के पद पर कार्यरत महिला ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दी थी। महिला की मुलाकात चारू चंद्र जोशी से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि चारू ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का झांसा दिया। उसने महिला से शादी करने और स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उससे करीब 32 लाख रुपये ले लिए।

नेपाल भागने की तैयारी में था आरोपी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी की घटनाओं में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में है। इसके बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय कर टीम भेजी। 21 अगस्त को आरोपी चारू चंद्र जोशी निवासी बागेश्वर को एंचोली क्षेत्र से पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में आधा दर्जन से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस अब उसके संपर्कों, ठगी की रकम और पूर्व में की गई धोखाधड़ी की घटनाओं के संबंध में जांच कर रही है।

By admin