उत्तराखंड में इस बार नौतपा का प्रभाव कुछ एक दिन ही देखने को मिला। आमतौर पर नौतपा के दौरान भीषण गर्मी लोगों को परेशान करती है, लेकिन इस बार (25 मई से दो जून तक) मौसम ने अलग ही रुख अपनाया। शुरुआत के दो-चार दिन जरूर गर्मी ने अपने तेवर दिखाए, लेकिन इसके बाद मौसम ने करवट ली और बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने तापमान में गिरावट ला दी।
नौतपा के पहले और दूसरे दिन मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। तापमान में बढ़ोतरी के चलते लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि तीसरे दिन से ही मौसम में बदलाव शुरू हो गया और बादल छाने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
पर्वतीय इलाकों में ठंड का अहसास हुआ
25 मई को दून का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। जिससे लोगों को भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। दिन के साथ-साथ शाम के समय भी लू जैसे हालात बने रहे। हालांकि दो दिन के अंतराल के बाद एक बार फिर पारा 40 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
